उत्तराखण्डज़रा हटकेलालकुआं

लालकुआँ में अवैध नशे के खिलाफ प्रशासन का एक्शन मोड, विशेष अभियान चलाने के निर्देश

Ad

लालकुआँ – बीते दिनों लालकुआँ तहसील पहुंचे नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने क्षेत्र में बढ़ते अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार पर गहरी चिंता व्यक्त की।

उन्होंने पुलिस एवं आबकारी विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि अब किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि लालकुआँ क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और अन्य नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार को लेकर लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, जो अत्यंत गंभीर विषय है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जाए और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे कारोबार में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ ईमानदारीपूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।

मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त, अवैध शराब की बिक्री तथा ड्रग तस्करी के मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध नशे का कारोबार किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति अवैध तरीके से शराब की बिक्री या नशीले पदार्थों का व्यापार करते हुए पकड़ा जाता है तो उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

उन्होंने प्रशासन को शीघ्र ही विशेष टीम गठित कर अभियान चलाने के निर्देश भी दिए हैं। प्रशासन की इस सख्ती के बाद क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।

Ad

Related Articles