उत्तराखण्डज़रा हटकेहरिद्वार

सीएम धामी ने हरिद्वार में तैयारियों का लिया जायजा, केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे को लेकर दिए अहम निर्देश

Ad

हरिद्वार – उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज हरिद्वार स्थित बैरागी कैंप में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का विस्तार से निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री का उत्तराखण्ड आगमन राज्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाएं। इस दौरान मंच, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन सहित सभी बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। पुलिस और प्रशासन आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा कार्यक्रम स्थल पर आने वाले आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने चिकित्सा सेवाओं, आपातकालीन सहायता और अग्निशमन व्यवस्था को पूर्ण रूप से तैयार रखने के निर्देश भी दिए।

यातायात व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग को विस्तृत योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में कहीं भी जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और यातायात सुचारू रूप से संचालित रहे, जिससे आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस अवसर पर आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डे एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने यातायात और पार्किंग व्यवस्था के संबंध में विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।

निरीक्षण के दौरान राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष किरन चौधरी, मेयर हरिद्वार किरन जैसल, विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, प्रदीप बत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, एमडी सिडकुल सौरव गहरवार, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रशासन द्वारा कार्यक्रम को सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं।

Ad

Related Articles