उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

नैनीताल में सख्ती का असर: कोसी कैफे होमस्टे सीज, नाबालिगों के शोषण मामले में लाइसेंस रद्द करने की संस्तुति

ADVERTISEMENTS Ad

रामनगर/नैनीताल – जनपद नैनीताल के रामनगर क्षेत्र स्थित कोसी कैफे होमस्टे प्रकरण में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होमस्टे को सीज कर दिया है तथा उसके लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति संबंधित प्राधिकारी को भेज दी गई है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नैनीताल के निर्देश पर की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल 2026 को थाना रामनगर में गुमशुदा नाबालिगों के संबंध में एफआईआर संख्या 115/2026 एवं 116/2026 धारा 140(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों नाबालिगों को कोसी कैफे होमस्टे के कमरों से बरामद किया।

जांच में मामले की गंभीरता बढ़ने पर अभियुक्तों के खिलाफ धारा 137(2), 64(1), 65(1) बीएनएस तथा 3/4 पोक्सो एक्ट के तहत धाराएं बढ़ाई गईं। पुलिस ने संबंधित आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर लिया गया।

निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि होमस्टे संचालक द्वारा आगंतुकों की एंट्री रजिस्टर में दर्ज नहीं की गई थी और न ही उनकी पहचान संबंधी दस्तावेज लिए गए थे। इसके अलावा कमरों से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई।

विवेचना में यह तथ्य उजागर हुआ कि होमस्टे मैनेजर भास्कर जोशी द्वारा नाबालिगों के आगमन की जानकारी न तो दर्ज की गई और न ही आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं। इससे यह स्पष्ट हुआ कि होमस्टे का उपयोग अवैध गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।

गौरतलब है कि उक्त होमस्टे का पंजीकरण जिला पर्यटन अधिकारी, नैनीताल द्वारा किया गया था, जबकि वर्तमान में इसका संचालन मोहम्मद अदनान द्वारा किया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने होमस्टे को सीज कर लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति भेज दी है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles