Haldwani:-ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 200 नशीली गोलियों के साथ तस्कर गिरफ्तार

हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपदभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नशे के कारोबारियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बनभूलपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 200 अवैध नशीली गोलियों के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा क्षेत्र में शांति व्यवस्था ड्यूटी एवं संदिग्ध व्यक्ति-वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान 3 जून 2026 को यात्री शेड, गौला बाईपास स्लेटर हाउस के पास बनभूलपुरा क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 200 नशीली गोलियां (अल्प्राजोलम) बरामद हुईं। पुलिस ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नसीम अहमद पुत्र महमूद आलम निवासी मोहम्मदी मस्जिद के सामने वाली गली, कोतवाली बनभूलपुरा, जनपद नैनीताल, उम्र 40 वर्ष के रूप में हुई है।
बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध थाना बनभूलपुरा में एफआईआर संख्या 93/2026 के तहत धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जगवीर सिंह, कांस्टेबल दिलशाद अहमद एवं कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





