Haldwani:-होली पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर, शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय


नैनीताल – होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से नैनीताल पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पूरे जनपद में विशेष सतर्कता बरती जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों, हुड़दंग मचाने वालों तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डॉ. जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक नैनीताल, ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि होली का त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और मर्यादा के साथ मनाया जाए।
उन्होंने बताया कि सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त करने, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने तथा सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। पर्व के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। जबरन रंग लगाने, विवाद करने या सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इसके अतिरिक्त सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान भी लागू किया गया है, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। आपात स्थिति में डायल 112 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने दो टूक कहा है कि होली के उल्लास के बीच कानून तोड़ने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा।





