उत्तराखण्डक्राइमहल्द्वानी

Haldwani:-नशा तस्करों पर कड़ा शिकंजा, काठगोदाम पुलिस ने 91 ग्राम स्मैक बरामद की

Ad

हल्द्वानी (नैनीताल) – जनपद को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत नैनीताल पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में काठगोदाम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 91.10 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 27 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसएसपी के निर्देश पर जिले में नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष काठगोदाम विमल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान चलाया।

चेकिंग के दौरान वन विभाग के जू डम्पिंग जोन, बागजाला के पास पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका। तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 91.10 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आनन्द सिंह रावत और रोहित थापा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आनन्द सिंह रावत के पास से 68.35 ग्राम तथा रोहित थापा के पास से 22.75 ग्राम स्मैक बरामद की गई।

इस मामले में थाना काठगोदाम में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह स्मैक उधम सिंह नगर जिले के शक्तिफार्म क्षेत्र से खरीदकर हल्द्वानी में बेचते थे। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी आनन्द सिंह रावत के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी से जुड़े मामले दर्ज हैं।

इस सफल कार्रवाई में उप निरीक्षक दिलीप कुमार, कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल त्रिलोक रोतेला और कांस्टेबल भानु प्रताप की अहम भूमिका रही।

एसएसपी नैनीताल ने इस सराहनीय कार्य के लिए पूरी पुलिस टीम को 2,000 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Ad Ad

Related Articles