उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

Haldwani:-तीनपानी फ्लाईओवर बना मौत का मंजर, स्कॉर्पियो-स्कूटी भिड़ंत में चार युवकों की दर्दनाक मौत

ADVERTISEMENTS Ad

हल्द्वानी – हल्द्वानी-लालकुआं मार्ग स्थित तीनपानी फ्लाईओवर पर शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। स्कॉर्पियो और स्कूटी की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो (यूके 04 यू 7275) बरेली (उत्तर प्रदेश) से ज्योलीकोट की ओर जा रही थी। इसी दौरान फ्लाईओवर पर उसकी स्कूटी से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में राहुल राजपूत पुत्र किशन पाल निवासी गोरापड़ाव हाथीखाल, शिवम पुत्र बाबूराम निवासी गोरापड़ाव हाथीखाल, टम्टा पुत्र रविंद्र प्रसाद निवासी टाटा मोटर्स के पास, हल्द्वानी तथा अंशु आर्या पुत्र पंकज आर्या निवासी बिंदुखत्ता, लालकुआं की मौत हो गई। इनमें तीन युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।

अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सिटी अमित सैनी ने बताया कि डायल-112 पर सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। एक घायल को स्थानीय लोग पहले ही अस्पताल पहुंचा चुके थे, जबकि अन्य घायलों को पुलिस ने सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, स्कॉर्पियो चालक से पूछताछ की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।

घटना की सूचना मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी भी सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में फ्लाईओवर पर स्कॉर्पियो और स्कूटी की टक्कर से हादसा होने की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

Related Articles