Rudrapur:-“ऑपरेशन प्रहार” में बड़ी कार्रवाई, स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे अवैध नेटवर्क का खुलासा

रुद्रपुर – उधम सिंह नगर पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे अवैध गतिविधियों के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि 19 महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू कर संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस को लंबे समय से मिल रही गोपनीय सूचनाओं और स्थानीय शिकायतों के आधार पर रुद्रपुर, पंतनगर और ट्रांजिट कैंप क्षेत्रों में कुछ संदिग्ध स्पा सेंटरों को चिन्हित किया गया था।
इसके बाद पुलिस, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और स्थानीय थानों की संयुक्त टीमों ने एक साथ कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर अनियमित गतिविधियों का खुलासा किया।
छापेमारी के दौरान मौके से ग्राहकों और संचालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया और कुल 5 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस के अनुसार कुछ संचालक और सहयोगी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पंतनगर क्षेत्र के मेट्रोपोलिस मॉल स्थित स्पा सेंटरों में कार्रवाई के दौरान तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए। वहीं रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में भी आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में केस दर्ज किया गया है। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में संचालित कुछ स्पा सेंटरों में अनियमितताएं पाए जाने पर चालान की कार्रवाई भी की गई।
पुलिस ने बताया कि रेस्क्यू की गई महिलाओं का मेडिकल परीक्षण, काउंसलिंग और पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि उन्हें आवश्यक सहायता प्रदान की जा सके।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ऐसे नेटवर्क के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही स्पा सेंटरों के लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन और वैधता की जांच भी लगातार की जा रही है।





