उत्तराखण्डज़रा हटकेरुद्रपुर

सांसद अजय भट्ट की अध्यक्षता में बैठक, ड्रेनेज, पेयजल और दुकानों के आवंटन पर अधिकारियों को निर्देश

Ad

रुद्रपुर – कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में जिले के विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने की। इस दौरान रुद्रपुर के महापौर ने शहर से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया, जिन पर सांसद ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के दौरान महापौर ने शहर में भारी वाहनों के बढ़ते दबाव और सड़क दुर्घटनाओं की समस्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने सुझाव दिया कि नवनिर्मित रिंग रोड को राधा स्वामी सत्संग घर से आगे बढ़ाकर सीधे सिडकुल क्षेत्र से जोड़ा जाए। महापौर का कहना था कि वर्तमान में रिंग रोड अधूरा होने के कारण अपने उद्देश्य को पूरी तरह पूरा नहीं कर पा रहा है। यदि इसे सिडकुल की औद्योगिक इकाइयों से जोड़ दिया जाता है, तो शहर के अंदर भारी वाहनों की आवाजाही कम होगी। इससे जाम की समस्या में कमी आएगी और सड़क हादसों पर भी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।

इस प्रस्ताव पर सांसद अजय भट्ट और जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने सहमति जताते हुए संबंधित अधिकारियों को इसका विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार को भेजने के निर्देश दिए।

बैठक में महापौर ने समाज कल्याण विभाग से जुड़े एक महत्वपूर्ण मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने बताया कि स्पेशल कंपोनेंट प्लान के तहत बीएचईएल के पास बनी दुकानें लंबे समय से तैयार हैं, लेकिन अब तक उनका आवंटन नहीं हो पाया है। इससे सरकारी संपत्ति का लाभ पात्र लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है। इस पर सांसद ने विभागीय अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्रवाई कर दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा बैठक में बरसात के मौसम में शहर में होने वाले जलभराव और जर्जर ड्रेनेज सिस्टम की समस्या पर भी चर्चा हुई। महापौर ने बताया कि शहर में व्यापक स्तर पर ड्रेनेज सिस्टम को सुधारने के लिए एक बड़ा प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसे केंद्र स्तर पर मंजूरी की आवश्यकता है। उन्होंने सांसद से इस योजना के लिए पैरवी करने का अनुरोध किया, ताकि शहरवासियों को हर साल होने वाली जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।

महापौर ने शहर में पेयजल समस्या का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित पेयजल योजनाओं का लाभ अभी तक सभी क्षेत्रों तक पूरी तरह नहीं पहुंच पाया है। ऐसे में संबंधित विभागों को इस दिशा में तेजी से कार्य करने की आवश्यकता है।

सांसद अजय भट्ट ने महापौर द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को जनहित से जुड़ा बताते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में जिले के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Ad

Related Articles