उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

हल्द्वानी में विकास कार्यों की समीक्षा, सांसद अजय भट्ट ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

ADVERTISEMENTS Ad

हल्द्वानी – हल्द्वानी स्थित सर्किट हाउस सभागार में सांसद अजय भट्ट ने सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) और यूपीसीएल (विद्युत विभाग) द्वारा संचालित विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में संबंधित अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट ली गई और विभिन्न परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

सिंचाई विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने निर्देशित किया कि बरसात के मौसम में गोला पुल को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचे, इसके लिए आवश्यक एहतियाती कदम समय रहते उठाए जाएं। उन्होंने गोला नदी से हो रहे भू-कटाव को रोकने के लिए विभिन्न स्थानों पर डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तत्काल शासन को भेजने और उसकी एक प्रति उन्हें उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही पनचक्की-कटघरिया नहर कवरिंग कार्य को युद्ध स्तर पर संचालित करते हुए 15 मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बच्ची नगर नहर कवरिंग के लिए प्रस्ताव शासन को भेजने तथा संबंधित एस्टिमेट की प्रति उपलब्ध कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

यूपीसीएल की समीक्षा बैठक में सांसद ने कार्यप्रणाली पर नाराज़गी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को अधीनस्थ कर्मचारियों की कार्यशैली पर सतर्क निगरानी रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। विद्युत बिल अधिक आने की शिकायतों पर नियमानुसार सब-मीटर लगाकर जांच करने तथा क्षतिग्रस्त विद्युत पोल एवं झूलते तारों की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अधिशासी अभियंता लोनिवि प्रत्यूष कुमार, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल प्रदीप कुमार एवं संदीप कुमार गुप्ता, तहसीलदार कुलदीप पांडे, सहायक अभियंता सिंचाई चंद्रशेखर आर्या, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह खाती, राजीव जायसवाल, हिमांशु मिश्रा तथा अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles