उत्तराखण्डज़रा हटके

बद्रीनाथ धाम पहुंचे मुकेश अंबानी, विशेष पूजा कर मांगा देश की समृद्धि का आशीर्वाद

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

बद्रीनाथ। विश्व प्रसिद्ध भू-वैकुंठ श्री बद्रीनाथ धाम में सोमवार को देश के प्रख्यात उद्योगपति एवं रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने भगवान बद्रीविशाल के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। धाम पहुंचने पर तीर्थ पुरोहित धीरज पंचभैय्या ‘मोनू’ ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनकी विशेष पूजा संपन्न करवाई तथा भगवान बद्रीविशाल का आशीर्वाद प्रदान किया।

बद्रीनाथ-केदारनाथ धाम के प्रति अंबानी परिवार की गहरी आस्था लंबे समय से रही है। दर्शन के दौरान तीर्थ पुरोहित धीरज पंचभैय्या ‘मोनू’ ने मुकेश अंबानी का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया। इस अवसर की एक विशेष तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें पुरोहित उन्हें माला पहनाकर तिलक लगाते हुए तथा भगवान बद्रीविशाल का प्रसाद एवं आशीर्वाद भेंट करते दिखाई दे रहे हैं।

गौरतलब है कि मुकेश अंबानी के पुत्र अनंत अंबानी पूर्व में बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के सम्मानित सदस्य रह चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने समिति के वरिष्ठ सदस्यों एवं तीर्थ पुरोहितों के साथ मिलकर धाम की व्यवस्थाओं और विकास कार्यों में सक्रिय योगदान दिया था। यही कारण है कि अंबानी परिवार का बद्रीनाथ धाम और यहां के तीर्थ पुरोहितों के साथ आत्मीय एवं वर्षों पुराना संबंध रहा है।

दर्शन एवं पूजा-अर्चना के उपरांत मुकेश अंबानी ने बद्रीनाथ धाम की आध्यात्मिक गरिमा और दिव्यता की सराहना करते हुए देश की सुख-समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना की। इस दौरान मंदिर समिति एवं स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों ने भी उनका स्वागत किया।

ADVERTISEMENTS Ad

Related Articles