उत्तराखण्डज़रा हटकेदेहरादून

जनसुरक्षा से खिलवाड़ पर सख्ती, देहरादून में सभी रोड कटिंग कार्यों पर तत्काल रोक

Ad

देहरादून – शहर की सड़कों पर अनियंत्रित रोड कटिंग और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ा निर्णय लिया है। जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने नगर क्षेत्र में संचालित सभी रोड कटिंग एवं निर्माण कार्यों की अनुमतियों को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है।

इसके साथ ही जनवरी माह में आपात परिस्थितियों के नाम पर आपदा कंट्रोल रूम से जारी की गई सभी कार्यालयीय अनुमतियां भी वापस ले ली गई हैं।

जिला प्रशासन ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया है कि वे एक दिन के भीतर कार्यस्थलों से अपनी मशीनरी और निर्माण सामग्री हटा लें तथा अधिकतम दस दिनों के भीतर क्षतिग्रस्त सड़कों को पूर्व स्थिति में बहाल करें। आदेशों की अवहेलना की स्थिति में संबंधित एजेंसियों की मशीनरी और सामग्री जब्त किए जाने के साथ ही सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक यातायात को भी कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।

प्रशासन के संज्ञान में आया था कि विभिन्न विभागों और कार्यदायी संस्थाओं द्वारा किए जा रहे रोड कटिंग कार्यों के दौरान न तो पर्याप्त बैरिकेडिंग की जा रही थी और न ही चेतावनी बोर्ड, संकेतक अथवा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जा रहे थे, जिससे आमजन को गंभीर जोखिम का सामना करना पड़ रहा था।

जिला प्रशासन की क्यूआरटी टीम द्वारा लगातार किए गए निरीक्षण में यह भी सामने आया कि संबंधित अधिकारियों की ओर से निगरानी और सुरक्षा मानकों के अनुपालन में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। जुर्माना, मुकदमा और अन्य दंडात्मक कार्रवाइयों के बावजूद अपेक्षित सुधार न होने से शहर की सड़कों पर अव्यवस्था बढ़ रही थी, जिससे दुर्घटनाओं की संख्या में वृद्धि और बड़े हादसों की आशंका बनी हुई थी।

इन परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनहित में सभी अनुमतियां निरस्त करने का कठोर निर्णय लिया है।

साथ ही पीडब्ल्यूडी, राष्ट्रीय राजमार्ग, जल संस्थान, विद्युत निगम, स्मार्ट सिटी सहित अन्य सड़क निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अभियंताओं की रोस्टरवार ड्यूटी तय कर तत्काल सड़कों की मरम्मत और सुधार कार्य शुरू करें तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर शहर की सभी सड़कों को दुरुस्त स्थिति में लाएं।

Ad

Related Articles