उत्तराखण्डज़रा हटकेरुद्रपुर

सरस मेले में बच्चों की प्रतिभा का धमाल, समूह नृत्य प्रतियोगिता में दिखा देशभक्ति और संस्कृति का संगम

Ad

रूद्रपुर – जनपद के गांधी पार्क में आयोजित सरस आजीविका मेले के सातवें दिन शुक्रवार को विद्यालयी शिक्षा विभाग की ओर से भव्य समूह नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विकासखण्ड रूद्रपुर, गदरपुर एवं सितारगंज क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों की कुल 15 टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, प्रेरणादायक गीतों एवं लोकगीतों पर आकर्षक समूह नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। सांस्कृतिक रंगों से सजे इस आयोजन में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा और टीमवर्क का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

निर्णायक मंडल द्वारा दिए गए अंकों के आधार पर नेशनल पब्लिक स्कूल रूद्रपुर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं सनातन धर्म कन्या इंटर कॉलेज रूद्रपुर की टीम द्वितीय स्थान पर रही। तृतीय स्थान संयुक्त रूप से इएलपीएस रूद्रपुर एवं पुलिस मॉर्डन स्कूल रूद्रपुर की टीमों को मिला।

समूह नृत्य प्रतियोगिता की निर्णायक सुमन ब्यास ने सभी प्रतिभागी टीमों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए गए तथा सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को सहभागिता प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

इस अवसर पर पीडी हिमांशु जोशी, सहायक निदेशक मत्स्य संजय कुमार छिमवाल, खण्ड विकास अधिकारी शेखर चन्द्र जोशी, कार्यक्रम समन्वयक मोहन उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संयुक्त रूप से विभु कृष्णा, हरीश दनाई एवं संजीव बुधौरी द्वारा किया गया।

सरस आजीविका मेले के अंतर्गत आयोजित इस सांस्कृतिक प्रतियोगिता ने न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया, बल्कि शिक्षा और संस्कृति के समन्वय का प्रेरक उदाहरण भी प्रस्तुत किया।

Ad

Related Articles