कालाढूंगी सड़क हादसे में युवक गंभीर घायल, एसपी सिटी हरबंस सिंह ने तत्काल पहुंचाया अस्पताल

कालाढूंगी – नैनीताल जिले के कालाढूंगी क्षेत्र में रविवार को मोटरसाइकिल और स्कूटी की टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के दौरान रामनगर की ओर जा रहे एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
जानकारी के अनुसार, 19 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 12:10 बजे पुलिस को सूचना मिली कि कोटाबाग रोड पर बर पुल के पास मोटरसाइकिल और स्कूटी की टक्कर हो गई है। सूचना मिलने पर एसपी सिटी हरबंस सिंह ने तत्काल कोतवाली कालाढूंगी पुलिस को मौके पर बुलाया।
मौके पर पहुंचने पर पता चला कि छोटी हल्द्वानी, कालाढूंगी निवासी 21 वर्षीय मोहम्मद फैज पुत्र मोहम्मद तूफानी अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (संख्या UK 04 AL 6023) से कालाढूंगी से अपने गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी (संख्या UK 04 AH 9354) से उनकी टक्कर हो गई।
हादसे में मोहम्मद फैज के चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। एसपी सिटी ने तत्परता दिखाते हुए घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), कालाढूंगी भिजवाया।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में शामिल स्कूटी चालक मौके से चला गया। उसकी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




