उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

स्व. डॉ. इंदिरा हृदयेश की पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब, श्रद्धांजलि सभा में दिखी सर्वदलीय एकजुटता

ADVERTISEMENTS Ad

हल्द्वानी – उत्तराखंड की वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं जनप्रिय राजनेता स्वर्गीय डॉ. इंदिरा हृदयेश की पंचम पुण्यतिथि पर शनिवार को आयोजित श्रद्धांजलि सभा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि सभा का माहौल भावुक और श्रद्धामय रहा। उपस्थित लोगों ने स्व. इंदिरा हृदयेश के व्यक्तित्व, कृतित्व और उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों को याद करते हुए उन्हें नमन किया। हल्द्वानी के विकास में उनके योगदान को याद करते हुए वक्ताओं ने उन्हें प्रदेश की राजनीति की एक मजबूत और दूरदर्शी नेता बताया।

इस अवसर पर उनके पुत्र एवं हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्व. इंदिरा हृदयेश उनके लिए केवल मां ही नहीं, बल्कि उनकी राजनीतिक गुरु भी थीं। उन्होंने कहा कि जनसेवा, संघर्ष और जनता के प्रति समर्पण का जो मार्ग उनकी माता ने दिखाया, उसी पर चलकर आमजन की सेवा करना उनके जीवन का लक्ष्य है।

सुमित हृदयेश ने कहा कि स्व. इंदिरा हृदयेश ने अपना संपूर्ण जीवन प्रदेश और विशेष रूप से हल्द्वानी के विकास के लिए समर्पित किया। उनके द्वारा कराए गए विकास कार्य आज भी जनता के दिलों में जीवित हैं और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक तिलकराज बेहड़, विधायक बंशीधर भगत, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश दुर्गापाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, पूर्व विधायक नारायण पाल, मेयर गजराज बिष्ट, पूर्व मेयर जोगेंद्र रौतेला, मंडी परिषद अध्यक्ष अनिल डब्बू, राज्यमंत्री शंकर कोरंगा, हरीश पांडे, हुकुम सिंह कुँवर, मोहन पाठक सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के अनेक वरिष्ठ नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

इसके अलावा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, हिमांशु गाबा, महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट, लालकुआं नगर अध्यक्ष भुवन पांडे, सितारगंज नगर अध्यक्ष सरताज अहमद, महिला कांग्रेस की पदाधिकारी, पार्षदगण, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि स्व. डॉ. इंदिरा हृदयेश ने अपने राजनीतिक जीवन में जनहित को सर्वोपरि रखा और विकास कार्यों के माध्यम से जनता के बीच अपनी एक अलग पहचान बनाई। उनके योगदान को प्रदेश की जनता हमेशा याद रखेगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles