दस्तावेजों की जांच में सामने आई कमी, बनभूलपुरा के दो मदरसों पर सीलिंग की कार्रवाई

हल्द्वानी – बनभूलपुरा क्षेत्र में संचालित मदरसों के दस्तावेजों की जांच को लेकर प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को प्रशासन की संयुक्त टीम ने इंदिरा नगर बड़ी रोड और शनि बाजार रोड स्थित दो मदरसों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान संचालन से संबंधित आवश्यक अनुमति और दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने पर दोनों संस्थानों को सील कर दिया गया।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और एसडीएम मोनिका के नेतृत्व में प्रशासन, शिक्षा विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने सबसे पहले इंदिरा नगर बड़ी रोड स्थित मदरसा रमजान ऑर्गेनाइजेशन का निरीक्षण किया। टीम ने संचालक से संस्था के संचालन से संबंधित अनुमति पत्र और अन्य अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा। इसके बाद टीम शनि बाजार रोड स्थित मदरसा जामिया नूरिया बरकतें ए आमिना पहुंची, जहां भी दस्तावेजों की जांच की गई।
प्रशासन के अनुसार, दोनों संस्थानों के संचालक जांच के दौरान आवश्यक वैध दस्तावेज और अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद अधिकारियों ने नियमानुसार दोनों मदरसों को सील करने की कार्रवाई की।
अधिकारियों के मुताबिक, क्षेत्र में बिना आवश्यक अनुमति संचालित किए जा रहे संस्थानों की जानकारी मिलने के बाद दस्तावेजों की जांच का अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले भी बनभूलपुरा क्षेत्र में दो मदरसों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई की जा चुकी है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निर्धारित नियमों और आवश्यक अनुमति के बिना संचालित किए जा रहे संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। आने वाले दिनों में क्षेत्र में संचालित अन्य मदरसों और संबंधित शैक्षणिक संस्थानों के दस्तावेजों की भी जांच की जा सकती है।
अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान व्यवस्था के तहत मदरसों के संचालन के लिए संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति और मानकों का पालन किया जाना जरूरी है। प्रशासन का कहना है कि जांच का उद्देश्य संस्थानों के संचालन से जुड़े दस्तावेजों और निर्धारित नियमों के अनुपालन की स्थिति स्पष्ट करना है।




