उत्तराखण्डज़रा हटकेदेहरादून

देहरादून में महिला की गोली मारकर हत्या, पति पर हत्या का आरोप; वारदात के बाद फरार

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

देहरादून – क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने से हड़कंप मच गया। महिला का शव एक प्लॉट के अंदर बने कमरे से बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, महिला की हत्या उसके पति धीरज पंवार ने की है। वारदात के बाद आरोपी पति फरार हो गया। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब छह बजे कंट्रोल रूम में धीरज पंवार नाम के व्यक्ति ने फोन कर बताया कि उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। सूचना मिलने के बाद क्लेमेनटाउन पुलिस ने फोन करने वाले से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद पुलिस ने कॉल की लोकेशन के आधार पर आसपास के क्षेत्र में तलाश शुरू की।

पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाने के बाद एक प्लॉट के अंदर बने कमरे की जांच की। कमरे में काजल (26) पत्नी धीरज पंवार मृत अवस्था में मिली। पुलिस के अनुसार, महिला की मौत गोली लगने से हुई है। घटना की सूचना पर फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया, जहां टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

कई दिनों से चल रहा था विवाद

पुलिस के अनुसार, काजल अपने पति धीरज के साथ ईदगाह रोड, सुभाष नगर क्षेत्र में रह रही थी। मृतका के भाई अभिषेक का घर भी उनके घर के पास ही है। अभिषेक ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन और जीजा के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। इसी बीच सोमवार सुबह गोली मारकर हत्या की घटना सामने आई।

मृतका मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र के ग्राम मेघा शकरपुर की रहने वाली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम समेत अन्य आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

घटना के बाद फरार पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित की हैं। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है तथा आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad

Related Articles