पुलिस सेवा के पांच सितारों को सम्मानपूर्ण विदाई, शॉल व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

हल्द्वानी – नैनीताल पुलिस परिवार से 31 अगस्त को ऐच्छिक सेवानिवृत्त हुए पांच पुलिस कर्मियों को भावभीनी विदाई दी गई। कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में आयोजित विदाई समारोह में पुलिस कर्मियों की वर्षों की सराहनीय सेवाओं को याद करते हुए उन्हें शॉल, प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिन्ह एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
एसपी संचार नैनीताल श्री रेवाधर मठपाल की ओर से आयोजित समारोह में हे० कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह, हे० कांस्टेबल दीपक कुँवर, अपर उपनिरीक्षक अशोक कुमार जोशी, उपनिरीक्षक त्रिभुवन सिंह तथा उपनिरीक्षक बालकृष्ण को पुलिस विभाग में उनके लंबे और उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों ने अपने लंबे सेवाकाल के दौरान विभागीय अनुभवों और यादगार पलों को साझा किया। इस दौरान एसपी संचार ने सभी कर्मियों की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस विभाग के प्रति उनका योगदान अनुकरणीय रहा है। उन्होंने सभी को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पौष्टिक आहार लेने और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने की सलाह देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने भी सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों को उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
समारोह में प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन नैनीताल हरकेश सिंह, निरीक्षक पुलिस दूरसंचार राजकुमार बिष्ट, प्रभारी महिला हेल्पलाइन सुनीता कुंवर, चौकी प्रभारी दमुआदूँगा कुमकुम धनिक सहित पुलिस कार्यालय हल्द्वानी एवं कोतवाली हल्द्वानी के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। इस अवसर पर सेवानिवृत्त हो रहे पुलिस कर्मियों के परिजन भी उपस्थित रहे। नैनीताल पुलिस परिवार की ओर से सभी कार्मिकों को सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके सुखद, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।




