मुखानी पुलिस का अवैध शराब पर शिकंजा, दो तस्कर गिरफ्तार

हल्द्वानी – जनपद नैनीताल में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखानी पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 लीटर कच्ची शराब और 59 टेट्रा पैक देसी मसालेदार शराब बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में चल रही कार्रवाई के क्रम में 16 सितंबर 2026 को चौकी आम्रपाली क्षेत्र में पीपल पोखरा मार्ग, लामाचौड़ खास के पास पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बकसीश सिंह पुत्र गोपाल सिंह, निवासी हरिपुरा हरसान, बाजपुर, ऊधम सिंह नगर, उम्र 24 वर्ष को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 20 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। मामले में थाना मुखानी में मुकदमा अपराध संख्या 148/26 के तहत धारा 60(1) आबकारी अधिनियम में अभियोग दर्ज किया गया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अविनाश मौर्य, प्रभारी चौकी आम्रपाली, हेड कांस्टेबल मोहन सिंह और कांस्टेबल कुंदन सिंह शामिल रहे।
वहीं, 16 सितंबर की रात मुखानी क्षेत्र में एस मोड़ को जाने वाले रास्ते पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने सुमित आर्या पुत्र खीमराम आर्या, निवासी हरिपुर नायक, वार्ड नंबर 46, विक्टोरिया नंबर-1, मुखानी हल्द्वानी, उम्र 19 वर्ष को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक गत्ते की पेटी में 48 जूली टेट्रा पैक तथा एक बैग से 11 माल्टा टेट्रा पैक देसी मसालेदार शराब बरामद हुई। कुल 59 टेट्रा पैक शराब बरामद की गई।
इस मामले में थाना मुखानी में मुकदमा अपराध संख्या 149/26 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया गया। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक बसंत बल्लभ पंत, कांस्टेबल सुनील आगरी और कांस्टेबल दिगंबर ज्याला शामिल रहे।




