उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

स्टाइपेंड के लिए एलाइड हेल्थ केयर इंटर्न की हड़ताल, ₹15 हजार प्रतिमाह की मांग

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

हल्द्वानी – राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में एलाइड हेल्थ केयर प्रोफेशन के इंटर्न छात्र-छात्राओं ने स्टाइपेंड की मांग को लेकर हड़ताल शुरू कर दी है। इंटर्न छात्रों का कहना है कि पिछले दो वर्षों से वे स्टाइपेंड की मांग को लेकर शासन-प्रशासन और मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी बात रखते आ रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

छात्रों के मुताबिक राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में एलाइड हेल्थ केयर प्रोफेशन के सत्र 2022, 2023, 2024 और 2025 के छात्र इंटर्नशिप कर चुके हैं या वर्तमान में कर रहे हैं। उनका आरोप है कि इंटर्नशिप के दौरान उन्हें किसी प्रकार का मासिक मानदेय अथवा स्टाइपेंड नहीं दिया जा रहा है।

इंटर्न छात्रों का कहना है कि वर्ष 2005 से पहले पैरामेडिकल विद्यार्थियों को इंटर्नशिप के दौरान मानदेय दिए जाने का प्रावधान था। वर्ष 2020 में पैरामेडिकल/एलाइड हेल्थ केयर प्रोफेशन का पाठ्यक्रम दोबारा संचालित होने के बाद से इंटर्न छात्रों को स्टाइपेंड दिए जाने की मांग लगातार उठाई जा रही है।

₹15 हजार मासिक स्टाइपेंड की मांग

हड़ताल पर बैठे छात्रों की प्रमुख मांग इंटर्नशिप अवधि के दौरान कम से कम ₹15,000 प्रतिमाह स्टाइपेंड दिए जाने की है। छात्रों का कहना है कि इंटर्नशिप के दौरान वे अस्पताल में नियमित रूप से सेवाएं देने के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्राप्त करते हैं और स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देते हैं। ऐसे में बिना किसी मानदेय के इंटर्नशिप करना उनके लिए आर्थिक रूप से कठिन हो रहा है।

छात्रों ने बताया कि मांग को लेकर मुख्यमंत्री सहित संबंधित अधिकारियों तक कई बार अपनी बात पहुंचाई गई, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

इंटर्न छात्रों ने सरकार से मांग की है कि एलाइड हेल्थ केयर प्रोफेशन के इंटर्न के लिए ₹15,000 प्रतिमाह स्टाइपेंड की व्यवस्था तत्काल लागू करते हुए शासनादेश जारी किया जाए। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पर सकारात्मक और ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।

हड़ताल कर रहे छात्रों ने मुख्यमंत्री से मामले का शीघ्र संज्ञान लेकर इंटर्नशिप के दौरान उचित स्टाइपेंड की व्यवस्था किए जाने की मांग की है।

ADVERTISEMENTS Ad

Related Articles