हल्द्वानी में ADG की सख्ती, महिला अपराध और ड्रग्स मामलों पर दिए कड़े निर्देश

हल्द्वानी – उत्तराखंड में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सोमवार को अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन ने हल्द्वानी स्थित मीटिंग हॉल में जनपद नैनीताल और उधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में पुलिस कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए एडीजी ने विशेष अपराधों, लंबित विवेचनाओं और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों और जांचों का निस्तारण समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए।
एडीजी ने कहा कि थानों और कार्यालयों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा लंबित माल का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही e-Sakshya, NATGrid सहित अन्य महत्वपूर्ण पोर्टलों पर डेटा अपलोड करने की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।
सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित और संतोषजनक निस्तारण पर भी विशेष जोर दिया गया।
🔹 इन मामलों पर विशेष फोकस:
बैठक के दौरान चार प्रमुख बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए—
महिला अपराध:
एडीजी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कई मामलों में महिला संबंधी अपराधों की जांच निर्धारित 60 दिन की अवधि में पूरी नहीं हो रही है। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे मामलों को प्राथमिकता के आधार पर तय समयसीमा में निपटाया जाए।
ड्रग्स और NDPS मामले:
नशा तस्करी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़े तस्करों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई तेज करने और उनकी संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया को गति देने के निर्देश दिए गए।
गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश:
विशेषकर नाबालिग बच्चों की खोज के लिए अभियान चलाकर शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित करने को कहा गया।
अज्ञात शवों की पहचान:
लावारिस और अज्ञात शवों की शिनाख्त के लिए आधुनिक तकनीक और प्रचार-प्रसार के अधिकतम उपयोग के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में एडीजी ने स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आधुनिक तकनीकों का अधिक उपयोग कर अपराध नियंत्रण में प्रभावी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
बैठक में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी., एसएसपी उधम सिंह नगर अजय गणपति सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





