उत्तराखण्डज़रा हटकेनैनीताल

कैंची धाम स्थापना दिवस से पहले प्रशासन अलर्ट, आयुक्त-आईजी-एसएसपी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

ADVERTISEMENTS Ad

कैंची धाम। बाबा नीम करोली महाराज के विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम स्थापना दिवस के मद्देनजर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। रविवार को कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी कुमाऊं रेंज निवेदिता कुकरेती तथा एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने संयुक्त रूप से भवाली, भीमताल और कैंची धाम क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भवाली सेनेटोरियम, नैनी बैंड, खुटानी तथा विकास भवन भीमताल में बनाए गए पार्किंग स्थलों की क्षमता, बैरियर ड्यूटी और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और संभावित यातायात दबाव को देखते हुए अधिकारियों ने विस्तृत मंथन कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

कैंची मंदिर परिसर में स्थापित कंट्रोल रूम और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का भी गहन निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बैरीकेडिंग, कतार प्रबंधन और पैदल यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं के सुरक्षित एवं सुगम दर्शन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

आईजी निवेदिता कुकरेती और एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने बताया कि 15 जून को आयोजित स्थापना दिवस को लेकर संपूर्ण सुरक्षा एवं यातायात प्लान लागू कर दिया गया है। पुलिस अधिकारी लगातार ग्राउंड जीरो पर रहकर व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

पुलिस प्रशासन के अनुसार मेला क्षेत्र में भारी पुलिस बल, एलीट फोर्स और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। वहीं पार्किंग स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

नैनीताल पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles