Haldwani:- डिजिटल साक्ष्यों से खुला बाल यौन शोषण का मामला

साइबर टिपलाइन की 11 शिकायतों से खुला बाल यौन शोषण का मामला, डिजिटल साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
हल्द्वानी – नैनीताल पुलिस ने बाल यौन शोषण से जुड़े एक मामले में साइबर टिपलाइन से मिली 11 शिकायतों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच के दौरान आरोपी की पहचान की है। पुलिस ने जांच के दौरान दो मोबाइल फोन, एक टैबलेट, एक लैपटॉप और एक खाली मोबाइल बॉक्स बरामद किया है। डिजिटल उपकरणों की जांच में आपत्तिजनक फोटो-वीडियो और अश्लील सामग्री को सर्च व डाउनलोड किए जाने के साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर कोतवाली हल्द्वानी में अज्ञात के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धारा 14/15 और आईटी एक्ट की धारा 67(बी) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान को सौंपी गई।
विवेचना के दौरान डिजिटल उपकरणों की जांच की गई, जिसमें बाल यौन शोषण से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री मिलने की जानकारी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, जांच में आरोप सामने आया कि आरोपी ने पड़ोस में रहने वाले एक नाबालिग बच्चे का यौन शोषण कर उसका वीडियो बनाया और उसे इंटरनेट पर अपलोड किया। आरोपी पर इंटरनेट से आपत्तिजनक सामग्री डाउनलोड कर लैपटॉप में सुरक्षित रखने का आरोप भी है।
पुलिस ने बताया कि घटना के समय आरोपी और पीड़ित दोनों नाबालिग थे। मामले में पीड़ित बच्चे और उसके परिजनों की काउंसलिंग कराई गई है। पुलिस की ओर से प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील
नैनीताल पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों के मोबाइल फोन और इंटरनेट इस्तेमाल पर नजर रखने, उनसे नियमित संवाद बनाए रखने तथा किसी भी तरह के शोषण की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है। साइबर अपराध से संबंधित शिकायत www.cybercrime.gov.in पर दर्ज की जा सकती है, जबकि आपात स्थिति में 112 पर संपर्क किया जा सकता है।




