उत्तराखण्डकाशीपुर

मुख्यमंत्री धामी ने किया काशीपुर भाजपा जिला कार्यालय का लोकार्पण,“नकल माफिया पर सख्त सीएम धामी

ADVERTISEMENTS Ad

काशीपुर – प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को काशीपुर पहुंचकर भाजपा जिला कार्यालय का हवन-पूजन एवं फीता काटकर विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भाजपा जिला कार्यालय पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को समर्पित है, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि इसी तर्ज पर अन्य जनपदों में भी आधुनिक और सुसज्जित भाजपा जिला कार्यालयों का निर्माण कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार ने नकल विरोधी कानून, लव जिहाद, लैंड जिहाद, भू-कानून और कालनेमी कानून लागू कर एक नई मिसाल कायम की है। उन्होंने दो टूक कहा कि प्रदेश में कानून तोड़ने वालों और नकल या किसी भी प्रकार के जिहाद में लिप्त लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने हाल ही में हरिद्वार में सामने आए नकल प्रकरण का ज़िक्र करते हुए बताया कि शासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नकल माफिया को जेल भेजा और एसआईटी जांच के बाद परीक्षा निरस्त की। मुख्यमंत्री ने युवाओं को भरोसा दिलाते हुए कहा— “अब उत्तराखंड में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू है। अब किसी भी नकल माफिया को युवाओं की मेहनत पर डाका डालने की इजाज़त नहीं दी जाएगी।”

उन्होंने कहा कि पूर्व में पेपर लीक और धांधली के कारण युवाओं का मनोबल टूट रहा था, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद लगभग 26 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। साथ ही बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी लाकर प्रदेश ने राष्ट्रीय औसत को पीछे छोड़ दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ-साथ संस्कृति और परंपरा के संरक्षण के लिए भी प्रतिबद्ध है।

इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, आपदा प्रबंधन उपाध्यक्ष विनय रूहेला, जिलाध्यक्ष मनोज पाल, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, जनपद प्रभारी पुष्कर काला, पूर्व मेयर उषा चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन सुखीजा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू समेत जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रशासनिक स्तर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक अभय सिंह और उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह सहित अधिकारी भी उपस्थित थे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles