उत्तराखण्डज़रा हटकेदेहरादून

Dehradun:-हर्रावाला में गूंजा स्वच्छता का संदेश, हिमालय संरक्षण का लिया संकल्प

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

देहरादून – स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ देहरादून के निर्माण तथा हिमालय एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से वार्ड संख्या 97 हर्रावाला में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। रेलवे स्टेशन से रोड तक आयोजित अभियान में जनप्रतिनिधियों, नगर निगम की टीम, सामाजिक संस्थाओं, विद्यालयों के विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अभियान का नेतृत्व वार्ड 97 के पार्षद देवी दयाल ने किया, जबकि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेयर सौरभ थपलियाल रहे। अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छता को महज एक अभियान न मानकर इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में वेस्ट वॉरियर्स, सारथी ट्रस्ट, कोर इंटरनेशनल स्कूल, राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों सहित नगर निगम की टीम और स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की। टेट्रा पैक के सौजन्य से आयोजित इस पहल में कुसुम कांता फाउंडेशन की फाउंडर विदुषी निशंक ने भी सहभागिता कर अभियान को समर्थन दिया।

स्वच्छता प्रहरियों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की स्वच्छता में निरंतर योगदान देने वाले लीलावती यादव, मनीराम और हरीश अग्रवाल को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने में सफाई कर्मचारियों और स्वच्छता प्रहरियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उनके योगदान को सम्मानित करने से समाज में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना और मजबूत होती है।

कार्यक्रम में स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एंबेसडर भारत शर्मा और नवीन कुमार सडाना ने भी सहभागिता की। इस दौरान स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।

कचरे के उचित प्रबंधन पर जोर

अभियान के दौरान वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल सड़क और सार्वजनिक स्थानों की सफाई तक सीमित नहीं है। घर से ही गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करना, सूखे कचरे का पुनर्चक्रण और गीले कचरे का उचित प्रबंधन जरूरी है। नागरिकों की सहभागिता से कचरे को समस्या के बजाय संसाधन और रोजगार के अवसर में बदला जा सकता है।

हिमालय संरक्षण की ली शपथ

स्वच्छता अभियान के साथ जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने हिमालय संरक्षण की शपथ भी ली। इस दौरान कहा गया कि हिमालय उत्तराखंड की पहचान के साथ-साथ नदियों, जंगलों, जल स्रोतों और जैव विविधता का आधार है। प्लास्टिक प्रदूषण, बढ़ता कचरा, अनियोजित विकास और पर्यटन का दबाव हिमालयी पर्यावरण के लिए चुनौती बन रहा है।

प्रतिभागियों ने प्लास्टिक के जिम्मेदार उपयोग, कचरे का पृथक्करण, खुले में कचरा न फेंकने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लिया।

मेयर सौरभ थपलियाल ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि आदत, संस्कार और सामूहिक जिम्मेदारी बननी चाहिए। जनप्रतिनिधियों, नगर निगम, सामाजिक संस्थाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों के मिलकर प्रयास करने से ही स्वच्छ और सुंदर शहर का सपना साकार हो सकता है। उन्होंने लोगों से अपने क्षेत्र की स्वच्छता के लिए स्वयं जिम्मेदारी लेने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।

विदुषी निशंक ने कहा कि स्वच्छता को केवल सफाई अभियान तक सीमित न रखकर कचरा प्रबंधन, जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी स्वच्छ एवं पर्यावरण के प्रति संवेदनशील समाज की सबसे बड़ी ताकत है।

कार्यक्रम में संजय ठाकुर, डॉ. धीरेंद्र सिंह राणा, मनीष शर्मा, नीरज, विकास दुबे, आकाश कुमार, नगर निगम जोनल अधिकारी रमेश रावत समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने कहा कि हर्रावाला से शुरू हुआ स्वच्छता और हिमालय संरक्षण का संदेश पूरे देहरादून तक पहुंचना चाहिए।

ADVERTISEMENTS Ad

Related Articles