हल्द्वानी में नुज़ूल भूमि पर धड़ल्ले से अवैध निर्माण, रोक के बावजूद रात में डाला गया लिंटर

हल्द्वानी:शहर के शनि बाज़ार रोड पर नगर निगम द्वारा नाले के निर्माण के लिए भवनों और दुकानों को पीछे करने के निर्देश जारी किए गए थे। लेकिन इसी कार्रवाई का कुछ लोगों ने फायदा उठाते हुए नुज़ूल भूमि पर अवैध निर्माण खड़ा कर लिया है।

एक पत्रकार द्वारा 17 फरवरी 2026 को सीएम पोर्टल पर की गई शिकायत में बताया गया कि एक व्यक्ति, जिसका सड़क चौड़ीकरण से कोई संबंध नहीं है, वह करीब 700 वर्ग फीट नुज़ूल भूमि पर अवैध निर्माण कर रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सिटी मजिस्ट्रेट एवं संयुक्त सचिव ए.पी. बाजपेई के निर्देश पर प्राधिकरण ने 23 फरवरी 2026 को निर्माण रोकने के आदेश जारी किए और इस संबंध में वाद भी पंजीकृत किया गया।
इसके बावजूद, 13 अप्रैल 2026 को उक्त व्यक्ति द्वारा निर्माण स्थल के पीछे स्थित खाली नुज़ूल भूमि पर देर रात अंधेरे में लिंटर डाल दिया गया। इस पूरे मामले की जानकारी सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी को भी दे दी गई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति के हौसले इतने बुलंद हैं कि प्रशासनिक रोक के बावजूद लगातार निर्माण कार्य जारी है। लोगों ने प्राधिकरण से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए और अवैध निर्माण को तत्काल सील किया जाए।





