मानव सेवा का उदाहरण: राष्ट्रीय सैनिक संस्था का सेवा अभियान, जरूरतमंदों तक पहुंचाया भोजन

देहरादून – राष्ट्रीय सैनिक संस्था की देहरादून यूनिट ने मानव सेवा की मिसाल पेश करते हुए दून अस्पताल में भर्ती मरीजों, उनके तीमारदारों और अन्य जरूरतमंद लोगों के लिए भोजन वितरण अभियान चलाया। संस्था की ओर से आयोजित इस सेवा कार्यक्रम के तहत 300 भोजन पैकेट वितरित किए गए, जिससे अस्पताल में मौजूद जरूरतमंदों को काफी राहत मिली।
सेवा अभियान का आयोजन राष्ट्रीय सैनिक संस्था के सम्मानित सदस्य प्रेम सिंह के सहयोग से किया गया। भोजन पैकेटों की व्यवस्था प्रेम सिंह, सोनू पांचाल और उनकी टीम की देखरेख में की गई। संस्था के इस मानवीय प्रयास की मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल में मौजूद लोगों ने सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।
कार्यक्रम मेजर जनरल एम.एल. असवाल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर कर्नल एम.के. शर्मा, मिसेज़ श्वेता तलवार, सुनील शर्मा, सूबेदार मेजर नरदेव सुयाल तथा अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार जर्नलिस्ट एसोसिएशन (IHRJA) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पत्रकार अकील खान, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष बी.पी. शर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट अशोक वर्मा, जिला अध्यक्ष देहरादून जे.आर. शर्मा, मनीष कुकरेती सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। सभी ने भोजन वितरण में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए सेवा कार्य को सफल बनाया।
भोजन वितरण के दौरान संस्था के सदस्यों ने मरीजों और उनके परिजनों का हालचाल भी जाना तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। लाभार्थियों ने संस्था के इस मानवीय प्रयास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य कठिन परिस्थितियों में लोगों को राहत के साथ-साथ विश्वास और संबल भी प्रदान करते हैं।
राष्ट्रीय सैनिक संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि संस्था भविष्य में भी समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों के लिए इस प्रकार के जनसेवा कार्यक्रम निरंतर आयोजित करती रहेगी। उनका उद्देश्य मानव सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व और जरूरतमंदों तक हरसंभव सहायता पहुंचाना है, जिसे सभी सदस्यों के सहयोग से आगे भी जारी रखा जाएगा।




