नंदा देवी महोत्सव में सुरक्षा का सख्त पहरा, एसएसपी नैनीताल के नेतृत्व में पुलिस की पैदल गश्त तेज

नैनीताल – ऐतिहासिक नंदा देवी महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर नैनीताल पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के नेतृत्व में मेला क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ नैनीताल अंजना, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल तथा प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल राजेंद्र सिंह रावत पुलिस टीम के साथ लगातार पैदल गश्त कर रहे हैं। अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिसकर्मी मेला क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते हुए श्रद्धालुओं, पर्यटकों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों से संपर्क कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी दे रहे हैं।
पुलिस टीम द्वारा मेला परिसर में लगातार अनाउंसमेंट के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। पुलिस की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि मेले में खरीदारी अथवा घूमने के दौरान अपने मोबाइल, पर्स, जेवरात एवं अन्य कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें। इसके साथ ही बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर भी सतर्क रहने की अपील की गई है।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारी और जवान मेला क्षेत्र में लगातार मूवमेंट बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं और पर्यटकों के बीच सुरक्षा का भरोसा बना हुआ है।
नैनीताल पुलिस ने कहा कि नंदा देवी महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराना प्राथमिकता है। मेला क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के साथ प्रत्येक आगंतुक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस लगातार सतर्क एवं सक्रिय है।




