उत्तराखण्डक्राइमहल्द्वानी

Haldwani:-गौलापार इंटरनेशनल स्टेडियम में फर्जी क्रिकेट लीग का भंडाफोड़, SSP नैनीताल ने खोला 32 लाख की ठगी का खेल

Ad

Haldwani:-नैनीताल जनपद के गौलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होने वाली बहुचर्चित ईवीसीएल (एपिक विक्ट्री क्रिकेट लीग) के नाम पर किए गए बड़े फर्जीवाड़े का पुलिस ने खुलासा किया है।

इस मामले में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर काठगोदाम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लीग के कथित आयोजक विकास ढाका पुत्र यशवीर सिंह ढाका, निवासी A-162 सेक्टर नोएडा, उत्तर प्रदेश (उम्र 35 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। साथ ही आरोपी से जुड़े दो बैंक खातों को फ्रीज किया गया है।

दिनांक 05 फरवरी 2026 को हरियाणा के झज्जर निवासी हेमंत शर्मा और पूर्व विधायक सितारगंज नारायण पाल, निवासी अम्बिका विहार हल्द्वानी, द्वारा थाना काठगोदाम में तहरीर दी गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि विकास ढाका ने क्रिकेट लीग के आयोजन के नाम पर उनसे कुल 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी की।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने लीग में हरभजन सिंह, इरफान पठान, प्रवीण कुमार, मनप्रीत गोनी सहित अंतरराष्ट्रीय और रणजी खिलाड़ियों के शामिल होने का झूठा दावा कर टीम मालिकों को झांसे में लिया। हेमंत शर्मा द्वारा यू.पी. वॉरियर्स नाम की टीम खरीदी गई।

जिसकी फ्रेंचाइजी फीस पहले 50 लाख रुपये बताई गई, लेकिन बाद में डिस्काउंट का लालच देकर 30 लाख रुपये में सौदा तय किया गया। इसके एवज में हेमंत शर्मा ने आरोपी विकास ढाका को नगद व अन्य माध्यमों से कुल 23 लाख रुपये का भुगतान किया।

वहीं पूर्व विधायक नारायण पाल द्वारा उत्तराखंड सोल्जर्स नाम की टीम खरीदी गई, जिसके लिए 50 लाख रुपये की फ्रेंचाइजी फीस बताई गई और 10 लाख रुपये की छूट का झांसा देकर सौदा तय कराया गया। इस दौरान नारायण पाल ने 3 लाख रुपये नगद तथा 6 लाख रुपये हल्द्वानी नगर में प्रचार-प्रसार (होर्डिंग्स) पर खर्च किए, इस प्रकार कुल 9 लाख रुपये की राशि आरोपी को दी गई।

टूर्नामेंट की शुरुआत 01 फरवरी 2026 को प्रस्तावित थी, लेकिन निर्धारित तिथि बीत जाने के बाद भी प्रतियोगिता शुरू नहीं हुई। जब टीम मालिकों ने जानकारी की तो आरोपी टालमटोल करता रहा। बाद में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से संपर्क करने पर खुलासा हुआ कि उन्हें इस आयोजन की कोई जानकारी ही नहीं थी। इसके अलावा आरोपी द्वारा न तो लीग का कोई लोगो, जर्सी या अन्य प्रचार सामग्री तैयार कराई गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना काठगोदाम में एफआईआर संख्या 13/2026 व 14/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष विमल मिश्रा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास ढाका को 06 फरवरी 2026 को मल्ला काठगोदाम से गिरफ्तार कर लिया।

Ad

Related Articles