रुद्रपुर में हाईवे एंट्री गेट से मॉडर्न स्टेडियम तक विकास योजनाओं को हरी झंडी

रुद्रपुर – कुमाऊं मंडल के आयुक्त एवं जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष दीपक रावत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम कॉन्फ्रेंस हॉल में प्राधिकरण की 22वीं बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया, साथ ही वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित बजट पर विस्तृत चर्चा कर उसे अनुमोदित किया गया।
बैठक में बताया गया कि प्राधिकरण की राजस्व आय में पिछले वर्ष की तुलना में करीब 48 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं आगामी वित्तीय वर्ष के लिए कुल प्रस्तावित आय में लगभग 27.2 प्रतिशत बढ़ोतरी का लक्ष्य रखा गया है, जो प्राधिकरण की मजबूत वित्तीय स्थिति को दर्शाता है।
बोर्ड बैठक में कुल 32 प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया, जिनमें 16 मानचित्र स्वीकृत किए गए, जबकि 13 नीतिगत प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। दो प्रस्ताव शासन को मार्गदर्शन हेतु भेजे जाएंगे। इसके अलावा जनपद के सौंदर्यीकरण और विकास से जुड़ी योजनाओं का प्रस्तुतीकरण भी किया गया।
प्रस्तावों के तहत रुद्रपुर शहर के प्रवेश द्वारों पर भव्य हाईवे एंट्री गेट, प्रमुख पार्कों का पुनर्विकास तथा आधुनिक सिविल डिजाइन विकसित करने की योजना सामने रखी गई। प्राधिकरण की कार्यप्रणाली को और पारदर्शी बनाने के लिए नई वेबसाइट, एआई चैटबॉट और पीजीआरएस (PGRS) सिस्टम विकसित करने पर भी चर्चा हुई।
मोदी मैदान को अत्याधुनिक बहुउद्देशीय खेल स्टेडियम के रूप में विकसित करने की योजना को भी प्रमुखता से रखा गया। इस परियोजना में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप एथलेटिक ट्रैक, क्रिकेट पिच, इनडोर-आउटडोर खेल सुविधाएं, आधुनिक चेंजिंग रूम और दर्शकों के लिए विशाल गैलरी का निर्माण प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री घोषणा के तहत खटीमा क्षेत्र के विकास के लिए 1497.46 लाख रुपये की लागत वाली योजनाओं को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई। इसमें खटीमा चौराहे से थारू विकास भवन तक सड़क का चार लेन चौड़ीकरण और आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था शामिल है।
इसके अलावा, ‘K3 (कुमाऊं कॉमर्स एंड कुटीर)’ परियोजना के तहत त्रिशूल चौक के पास बहुमंजिला आवासीय व व्यावसायिक भवन निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसे भूमि हस्तांतरण और वित्तीय स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा।
ग्राम फाजलपुर महरोला में 46.88 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित यातायात नगर परियोजना के लिए 7204.07 लाख रुपये की डीपीआर तैयार कर ली गई है, जिसे HUDCO के माध्यम से वित्तीय प्रबंधन के लिए शासन को भेजने का निर्णय लिया गया।
बैठक में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन, सचिव पंकज उपाध्याय, मुख्य कोषाधिकारी डॉ. पंकज कुमार शुक्ल, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, आर्किटेक्ट और इंजीनियर उपस्थित रहे।





