उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

Haldwani:-सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से पहले बनभूलपुरा में पुलिस का फ्लैग मार्च, चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

हल्द्वानी – बनभूलपुरा रेलवे भूमि मामले में सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तावित सुनवाई से पहले नैनीताल पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने बनभूलपुरा क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में व्यापक फ्लैग मार्च के साथ एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा और जगह-जगह चेकिंग के साथ संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया गया।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस टीमों ने रेलवे स्टेशन, लाइन नंबर-17, इंद्रानगर बड़ी रोड, मुजाहिद चौक, गोपाल मंदिर, ठोकर, शनि बाजार रोड, ताज मस्जिद, 16 नंबर तिराहा, गांधी नगर, लाइन नंबर-8, चोरगलिया रोड, ताज चौराहा और भारद्वाज चौराहा समेत विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया।

सुरक्षा व्यवस्था में थाना पुलिस के साथ पीएसी, एंटी राइट टीम, बीडीएस, फायर सर्विस और ड्रोन टीम को भी तैनात किया गया है। क्षेत्र में लगातार चेकिंग, सत्यापन और प्रीवेंटिव डिटेंशन की कार्रवाई की जा रही है। वहीं सीसीटीवी कैमरों और स्पेशलाइज्ड ड्रोन के माध्यम से संवेदनशील इलाकों की निगरानी की जा रही है।

एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के नेतृत्व में निकाले गए फ्लैग मार्च में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार समेत विभिन्न थानों के पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था का उद्देश्य किसी भी संभावित स्थिति से पहले ही प्रभावी ढंग से निपटना और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने क्षेत्रवासियों से न्यायालय के निर्णय का सम्मान करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना प्रसारित नहीं करने को कहा। पुलिस की सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी निगरानी है। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली भ्रामक अथवा तथ्यहीन पोस्ट और टिप्पणियों के मामले में पुलिस ने कठोर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी है।

ADVERTISEMENTS Ad

Related Articles