Haldwani:-बनभूलपुरा पुलिस का नशा तस्करों पर शिकंजा, 10.26 ग्राम स्मैक व 144 पव्वे अवैध शराब के साथ दो गिरफ्तार

हल्द्वानी – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बनभूलपुरा पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से 10.26 ग्राम स्मैक तथा दूसरे आरोपी के पास से 144 पव्वे अवैध मसालेदार (माल्टा) शराब बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एसएसपी के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा शांति व्यवस्था एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की गई।
पहली कार्रवाई में 13 जुलाई 2026 को उपनिरीक्षक मोनी टम्टा, कांस्टेबल दिलशाद अहमद, सुनील कुमार एवं लक्ष्मण राम की टीम ने गौला पार्किंग स्थित सज्जाद की झोपड़ी के पास से 20 वर्षीय शहनाज पुत्री समीम निवासी 13 बीघा, इंद्रानगर, बनभूलपुरा को 10.26 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी महिला के विरुद्ध कोतवाली बनभूलपुरा में एफआईआर संख्या 112/26 के तहत धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक गगनदीप सिंह, कांस्टेबल महबूब अली एवं ललित नाथ की टीम ने गौला पुल पर वाहन चेकिंग के दौरान स्कूटी संख्या UK 04 AT 4457 को रोका। तलाशी लेने पर स्कूटी में रखे सफेद प्लास्टिक के कट्टे से तीन पेटियों में कुल 144 पव्वे मसालेदार (माल्टा) शराब बरामद हुई। पुलिस ने 25 वर्षीय नीरज जोशी पुत्र हरीश जोशी, निवासी मूलतः अल्मोड़ा तथा वर्तमान निवासी हीरा नगर, मुखानी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ कोतवाली बनभूलपुरा में मुकदमा संख्या 114/26 के तहत धारा 60/72 आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि जनपद में नशे एवं अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




