Haldwani:-‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ का संदेश, हल्द्वानी में 350 से अधिक लोगों ने अपनाई निरोगी जीवन की राह

हल्द्वानी – 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मिनी स्टेडियम हल्द्वानी में जनपद स्तरीय भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के कुशल निर्देशन तथा गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों, स्थानीय नागरिकों तथा युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बनाने का संकल्प लिया।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की निर्धारित थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रही। इसी थीम को आत्मसात करते हुए आयोजित शिविर में प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में योगाभ्यास किया और निरोगी जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
विशेषज्ञों की देखरेख में हुआ योगाभ्यास, तनाव प्रबंधन पर भी दिया गया जोर
योग शिविर में आयुष विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. त्रिलोक बिष्ट तथा मुख्य प्रशिक्षक डॉ. कंचन सूंठा के नेतृत्व में आयुष विभाग की विशेषज्ञ टीम ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन को विभिन्न योगासनों,
प्राणायाम तथा ध्यान की विधियों का क्रमबद्ध अभ्यास कराया। टीम में डॉ. गुंजन, डॉ. मीरा जोशी, डॉ. माया वर्मा, डॉ. प्रीति टोलिया, डॉ. दिवाकर सिंह एवं डॉ. सुरीती शामिल रहीं।
योग प्रशिक्षकों ने नियमित योगाभ्यास से होने वाले शारीरिक लाभों, मानसिक शांति, पुलिस सेवा के दौरान तनाव प्रबंधन तथा गंभीर बीमारियों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
उन्होंने बताया कि योग व्यक्ति के शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है, जो वर्तमान समय की भागदौड़ भरी जीवनशैली में अत्यंत आवश्यक बन गया है।
एसएसपी नैनीताल का संदेश— “योग करें, निरोगी रहें”
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज योग केवल भारत की सांस्कृतिक धरोहर नहीं, बल्कि विश्व स्तर पर अपनाई जा रही एक सशक्त जीवनशैली बन चुका है।
उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक से भी अधिक समय में योग ने वैश्विक पहचान हासिल की है और आज दुनिया के 150 से अधिक देश भारतीय योग परंपरा को अपनाकर स्वस्थ जीवन की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
एसएसपी ने कहा कि वर्तमान समय की तनावपूर्ण जीवनशैली, विशेषकर पुलिस बल जैसी चुनौतीपूर्ण सेवाओं में कार्यरत कर्मियों के लिए योग मानसिक शांति और शारीरिक दृढ़ता प्रदान करने वाला प्रभावी साधन है।
उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग, प्राणायाम और ध्यान के लिए समय निकालने की अपील करते हुए कहा कि अपनी शारीरिक क्षमता और सुविधा के अनुसार योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। इससे न केवल बीमारियों से बचाव होता है, बल्कि व्यक्ति मानसिक रूप से भी ऊर्जावान, सकारात्मक और तनावमुक्त बना रहता है।
350 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया योग को जीवनशैली बनाने का संकल्प
मुख्य आयोजन स्थल मिनी स्टेडियम हल्द्वानी में आयोजित योग शिविर में 350 से अधिक पुलिसकर्मियों, स्थानीय नागरिकों तथा युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी प्रतिभागियों ने योग को अपने दैनिक जीवन में शामिल करने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, पुलिस अधीक्षक संचार नैनीताल रेवाधर मठपाल, सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी ए.पी. बाजपेयी, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार, जिला क्रीड़ाधिकारी निर्मला पंत, आयुष विभाग नैनीताल की समस्त चिकित्सक एवं पैरामेडिकल टीम, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन हरकेश सिंह,
निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय सिंह मेहता, प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल, प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान, थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी समेत अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय लोग एवं युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इसी क्रम में एसएसपी नैनीताल के निर्देशानुसार जनपद के समस्त थानों, चौकियों, अग्निशमन इकाइयों तथा पुलिस लाइंस में भी विशेष योग सत्रों का आयोजन किया गया, जिनमें थाना प्रभारियों एवं पुलिस कर्मियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करते हुए योगाभ्यास किया और स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित यह वृहद कार्यक्रम स्वास्थ्य, अनुशासन, आत्मसंयम और सकारात्मक जीवन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल साबित हुआ।





