Haldwani:-नैनीताल पुलिस का नशे पर प्रहार जारी, अलग-अलग कार्रवाई में 9 किलो गांजा व स्मैक बरामद

नैनीताल – जनपद में नशे और अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में रामनगर और बनभूलपुरा पुलिस ने अलग-अलग अभियानों में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी/लालकुआं अमित कुमार तथा क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडे के पर्यवेक्षण में की गई इस कार्रवाई में कोतवाली रामनगर और कोतवाली बनभूलपुरा की टीमों ने अलग – अलग कार्यवाही करते हुए सक्रिय भूमिका निभाई।
रामनगर पुलिस की कार्रवाई
प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उजाला मैरिज हॉल ट्रक यूनियन के पास एक खाली प्लॉट से कादिर (28 वर्ष), निवासी गूलरघट्टी, रामनगर को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 9.334 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। उसके खिलाफ थाना चोरगलिया में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
बनभूलपुरा पुलिस की कार्रवाई
वहीं, प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र फर्त्याल के नेतृत्व में बनभूलपुरा पुलिस ने चेकिंग के दौरान दानिश का बगीचा क्षेत्र से मो. हासिम (19 वर्ष), निवासी उत्तर उजाला को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 9.87 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





