Haldwani:- ड्रग्स माफिया पर नैनीताल पुलिस का सबसे बड़ा वार, करोड़ों की स्मैक बरामद

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “मिशन ड्रग फ्री देवभूमि” और एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नैनीताल पुलिस ने वर्ष 2026 की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसओजी नैनीताल और कोतवाली काठगोदाम पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब 1.85 करोड़ रुपये कीमत की 618 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार कर नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान एवं एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार 4 जून 2026 को काठगोदाम क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर पश्चिमी खेड़ा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास निर्माणाधीन भवन के समीप दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 618 ग्राम स्मैक (डायएसिटाइल मॉर्फिन) बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गजब सिंह (27 वर्ष) पुत्र गंगो सिंह एवं सीता राम (37 वर्ष) पुत्र गंगो सिंह, निवासी अटलबंद धऊ पासा, भरतपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है। बरामद स्मैक में से 311 ग्राम गजब सिंह तथा 307 ग्राम सीता राम के कब्जे से बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक हुंडई ऑरा कार (RJ-05-CC-8027) और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद किया है। मामले में कोतवाली काठगोदाम में एफआईआर संख्या 75/2026 के तहत धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपी सीता राम ने बताया कि गजब सिंह उसका सगा भाई है और राजस्थान के भरतपुर में आरओ प्लांट में कार्य करता है। वह स्वयं टैक्सी चालक है तथा उसकी ससुराल मुक्तेश्वर के जाड़ापानी क्षेत्र में है। दोनों आरोपी राजस्थान से एक टैक्सी लेकर हल्द्वानी पहुंचे थे और स्मैक की खेप को काठगोदाम रेलवे स्टेशन क्षेत्र में किसी व्यक्ति तक पहुंचाने के बाद मुक्तेश्वर जाने की योजना थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी गजब सिंह के खिलाफ राजस्थान में आबकारी एवं एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक जनपद नैनीताल में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए गए अभियानों में 31 स्मैक तस्करी के मुकदमों में 35 आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ कुल 2 किलो 181 ग्राम से अधिक स्मैक बरामद की जा चुकी है।
इस उल्लेखनीय सफलता पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस टीम को 2500 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
कार्रवाई करने वाली टीम में शामिल रहे—
प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान, एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन, हेड कांस्टेबल कुंदन कठायत, हेड कांस्टेबल त्रिलोक रौतेला, कांस्टेबल टीका राम, अशोक रावत, भानु प्रताप, अनिल गिरी एवं अरविंद बिष्ट।





