उत्तराखण्ड

Haldwani:-महिलाओं को निशाना बनाने वाला स्नैचर गिरफ्तार,चेन स्नैचिंग की तीन वारदातों का खुलासा

ADVERTISEMENTS Ad

हल्द्वानी – थाना मुखानी क्षेत्र सहित रामनगर में महिलाओं से मंगलसूत्र झपटने की घटनाओं का नैनीताल पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए आभूषण बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 30 जनवरी, 4 फरवरी एवं 6 फरवरी 2026 को मुखानी और रामनगर क्षेत्र में महिलाओं से मंगलसूत्र झपटने की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आई थीं। पीड़ित महिलाओं की तहरीर के आधार पर थाना मुखानी एवं कोतवाली रामनगर में अज्ञात के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए थे।

सीसीटीवी और मैनुअल इंटेलिजेंस से आरोपी की पहचान

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल द्वारा पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उनके पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी और थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपियों की पहचान की। सूचना मिली कि संदिग्ध आरोपी मोटरसाइकिल संख्या HR 29 AF 2325 से कालाढूंगी की ओर से हल्द्वानी आ रहे हैं।

चेकिंग के दौरान गिरफ्तारी

कालाढूंगी रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने उक्त मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया। वाहन चालक को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि पीछे बैठा दूसरा आरोपी जंगल की ओर भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान फिरोज गांधी पुत्र नंदराम, निवासी ग्राम पदमपुर, थाना मिल्क खाना, तहसील स्वार, जिला रामपुर (उ.प्र.), उम्र 36 वर्ष के रूप में हुई है।

पूछताछ में कबूला जुर्म

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर मुखानी क्षेत्र में दो तथा रामनगर के पीरूमदारा क्षेत्र में एक महिला से मंगलसूत्र झपटने की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी दोबारा वारदात करने की नीयत से हल्द्वानी आ रहा था, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

बरामदगी

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से

02 पीली धातु के मंगलसूत्र पेंडल बरामद किए हैं।

लंबा आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ हल्द्वानी, मुखानी और रामनगर थानों में कुल 05 मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश) में हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट से जुड़े 05 अन्य अभियोग भी पंजीकृत हैं। रामपुर पुलिस से आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा रही है।

नैनीताल पुलिस का संदेश

नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस टीम को सराहना

इस कार्रवाई में थाना मुखानी पुलिस, एसओजी टीम और सीसीटीवी सेल की अहम भूमिका रही, जिनके समन्वित प्रयास से शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया जा सका।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles