Haldwani:- सदर्न सुपर स्टार्स की शानदार जीत, इंडिया कैप्टन्स को 8 विकेट से हराया


हल्द्वानी। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में सोमवार को खेले गए लीजेंड्स लीग क्रिकेट (एलएलसी-2026) के छठे मुकाबले में सदर्न सुपर स्टार्स ने अनुशासित गेंदबाजी और दमदार बल्लेबाजी के दम पर इंडिया कैप्टन्स को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी।

पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडिया कैप्टन्स की टीम 18.3 ओवर में मात्र 87 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम की शुरुआत खराब रही और शुरुआती ओवरों में ही गौरव तोमर का विकेट गिर गया। हाशिम अमला ने 17 गेंदों में 12 रन बनाकर पारी संभालने की कोशिश की, जबकि शेल्डन जैक्सन ने 20 गेंदों में 17 रन का योगदान दिया। राजेश बिश्नोई ने 12 रन बनाए, लेकिन मध्यक्रम के बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके और टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही।
सदर्न सुपर स्टार्स की ओर से अजीत चंदिला ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार महत्वपूर्ण विकेट झटके। रजत भाटिया और रवि जांगिड़ ने दो-दो विकेट लिए, जबकि दिवेश पठानिया ने भी दो विकेट हासिल किए।
88 रनों के मामूली लक्ष्य का पीछा करने उतरी सदर्न सुपर स्टार्स की शुरुआत भी कुछ खास नहीं रही। कप्तान रजत भाटिया पहली ही गेंद पर परविंदर अवाना का शिकार बने, जबकि पुनीत बिष्ट भी दो रन बनाकर आउट हो गए। तीसरे ओवर तक टीम का स्कोर 16/2 हो गया था, लेकिन इसके बाद हैमिल्टन मसाकाद्ज़ा ने मोर्चा संभाल लिया।
मसाकाद्ज़ा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों में नाबाद 61 रन बनाए, जिसमें सात चौके और चार छक्के शामिल थे। दिलशान मुनावीरा ने 18 गेंदों पर नाबाद 20 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। दोनों की साझेदारी की बदौलत सदर्न सुपर स्टार्स ने 9.2 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
आज होंगे दो मुकाबले
लीजेंड्स लीग क्रिकेट-2026 में मंगलवार को दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच दोपहर 2:30 बजे मुंबई स्पार्टन्स और कोनार्क सुर्यास ओडिशा के बीच होगा, जबकि दूसरा मुकाबला शाम 7:30 बजे रॉयल राइडर्स पंजाब और सदर्न सुपर स्टार्स के बीच खेला जाएगा।





