बाबा के आशीर्वाद से ऐतिहासिक रहा कैंची धाम मेला, एसएसपी नैनीताल बोले— सभी के सहयोग से बनी सफलता की मिसाल

नैनीताल – विश्व प्रसिद्ध बाबा नीम करोली महाराज की तपोस्थली कैंची धाम में आयोजित स्थापना दिवस मेला-2026 का सफल एवं शांतिपूर्ण समापन हो गया। मेले के समापन अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सभी श्रद्धालुओं, स्वयंसेवकों, मंदिर समिति, प्रशासनिक अधिकारियों तथा सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि बाबा नीम करोली महाराज के आशीर्वाद, जनसहयोग और विभिन्न विभागों के बेहतर समन्वय के कारण इस वर्ष का आयोजन ऐतिहासिक और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। उन्होंने मेले के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा बनाए गए अनुशासन और सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सभी के सकारात्मक योगदान से श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सका।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, स्वयंसेवकों की सेवाभावना तथा प्रशासन की सक्रिय भूमिका की भी प्रशंसा की। एसएसपी ने कहा कि मेले को सफल बनाने में प्रत्येक व्यक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और भविष्य में भी इसी प्रकार का सहयोग मिलता रहेगा, ऐसी अपेक्षा है।
डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सभी श्रद्धालुओं के सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना करते हुए बाबा नीम करोली महाराज से सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि कैंची धाम की आध्यात्मिक परंपरा और श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए प्रशासन भविष्य में भी बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।





