उत्तराखण्डज़रा हटकेनैनीताल

कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने सीएमओ के साथ की समीक्षा बैठक, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के दिए निर्देश

ADVERTISEMENTS Ad

नैनीताल – कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने सोमवार को नैनीताल स्थित आयुक्त कार्यालय सभागार में स्वास्थ्य विभाग की मंडलीय समीक्षा बैठक कर मंडल के सभी जनपदों की स्वास्थ्य सेवाओं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं चिकित्सा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैठक में आयुक्त ने अस्पतालों में चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की पर्याप्त उपलब्धता, आवश्यक दवाओं की निर्बाध आपूर्ति, चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता तथा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (टीबी) की प्रगति पर विशेष चर्चा हुई। आयुक्त ने कहा कि टीबी उन्मूलन सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने टीबी मरीजों की समयबद्ध स्क्रीनिंग एवं नोटिफिकेशन, फील्ड स्तर पर संसाधनों की उपलब्धता तथा खराब मशीनों की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वर्षाकाल को देखते हुए आयुक्त ने हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी पर जोर दिया। उन्होंने आशा एवं एएनएम कार्यकर्ताओं को नियमित रूप से गर्भवती महिलाओं के संपर्क में रहने तथा संभावित प्रसव तिथि से पहले उन्हें सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में समय पर उपचार मिल सके।

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की समीक्षा के दौरान उन्होंने विद्यालयों में बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच, बीमारियों की प्रारंभिक पहचान एवं समय पर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण, संचारी एवं गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम तथा आयुष्मान भारत योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

वर्षा ऋतु के मद्देनजर डेंगू एवं अन्य वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम पर विशेष बल देते हुए आयुक्त ने व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने घरों और आसपास जलभराव रोकने, कूलर, पुराने टायर, गमलों एवं अन्य स्थानों पर जमा पानी की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीमों को फॉगिंग, लार्वा नियंत्रण एवं अन्य निवारक गतिविधियां प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

बैठक में कैंसर मरीजों के हितों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने कैंसर रोगियों के लिए रोडवेज यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने का प्रस्ताव आयुक्त के समक्ष रखा। वहीं, सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भ्रामक सूचनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए आयुक्त ने स्पष्ट किया कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और स्वास्थ्य विभाग के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में लगाया जा रहा है।

उन्होंने आमजन, विशेषकर महिलाओं एवं उनके परिजनों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें तथा स्वास्थ्य संबंधी जानकारी केवल स्वास्थ्य विभाग एवं अधिकृत सरकारी स्रोतों से ही प्राप्त करें।

बैठक में स्वास्थ्य निदेशक कुमाऊं मंडल डॉ. बी.के. पुनेरा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल डॉ. रश्मि पंत, अल्मोड़ा डॉ. हरीश पंत, ऊधम सिंह नगर डॉ. के.के. अग्रवाल, चम्पावत डॉ. देवेश चौहान, बागेश्वर डॉ. कुमार आदित्य, पिथौरागढ़ डॉ. जे.एस. चुफाल सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

Related Articles