Lalkuan:-दीपावली से पहले दुग्ध उत्पादकों को 32 लाख रुपये के बोनस से खिले चेहरे

लालकुआं – दीपावली से पहले नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने बिंदुखत्ता क्षेत्र की छह दुग्ध समितियों के उत्पादकों को 32 लाख रुपये का बोनस वितरित किया। त्योहार से पहले बोनस मिलने पर दुग्ध उत्पादकों में खुशी का माहौल है। करीब चार करोड़ रुपये के दूध की खरीद के आधार पर किए गए इस बोनस वितरण को उत्पादकों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में दुग्ध उत्पादक महिलाओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान दुग्ध उत्पादकों ने कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा का माल्यार्पण कर और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि संघ दुग्ध उत्पादकों के हितों के प्रति सजग और प्रतिबद्ध है। उत्पादकों को उनकी मेहनत का उचित लाभ दिलाना, उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना और सहकारिता के माध्यम से दुग्ध व्यवसाय को आगे बढ़ाना संघ की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादक ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। दुग्ध उत्पादन से जुड़ी महिलाओं का योगदान भी सराहनीय है, जिनकी मेहनत और समर्पण से यह व्यवसाय लगातार आगे बढ़ रहा है।
बोरा ने कहा कि दीपावली से पहले बोनस वितरण उत्पादकों की मेहनत का सम्मान करने और उनके परिवारों की खुशियों में सहभागी बनने का प्रयास है। दुग्ध संघ उत्पादकों की समस्याओं के समाधान, उनके हितों के संरक्षण और दुग्ध व्यवसाय को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने उत्पादकों से सहकारी समितियों को मजबूत बनाने और दुग्ध व्यवसाय के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
बिंदुखत्ता क्षेत्र की शांतिनगर प्रथम, शांतिनगर द्वितीय, बोरिंगपट्टा, टूटी पुलिया, हनुमान नगर और नारायण नगर दुग्ध समितियों के उत्पादकों को बोनस वितरित किया गया। बोनस मिलने पर उत्पादकों ने प्रसन्नता जताते हुए दुग्ध संघ के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन यातायात प्रभारी पूरन मिश्रा और मार्ग प्रभारी राजेंद्र प्रसाद ने किया। इस अवसर पर संचालक मंडल सदस्य गोविंद मेहता, प्रगतिशील दुग्ध उत्पादक उमेश भट्ट, निर्मला भट्ट, नवीन पपोला, ममता रावत, राम सिंह पपोला, गोपाल दत्त पाठक, जगदीश पंत, सोनू पांडे, पूरन बोरा, इंद्रा बम, नारायण शर्मा, मनीष बोरा, केदार दानू, मंजू बिष्ट, खष्टी बिष्ट, कमलेश पांडे, सुरेश जोशी, भुवन जोशी, दुग्ध संघ के पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू, एफओ प्रभारी शांति कोरंगा और मोहन चंद्र जोशी सहित बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।




