उत्तराखण्डज़रा हटकेलालकुआं

Lalkuan:-स्कूल से घर लौटते वक्त लापता हुई छात्रा, खेतों की झाड़ियों में मिले कपड़े, जांच तेज

ADVERTISEMENTS Ad

लालकुआं –  कोतवाली क्षेत्र के मोटाहल्दू अंतर्गत पाडलीपुर गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कक्षा दसवीं की एक छात्रा स्कूल से घर लौटते समय अचानक लापता हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महावीर औद्योगिक संस्थान के पास स्थित मंदिर के पुजारी की पुत्री, जो मोटाहल्दू उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा दसवीं की छात्रा है, रोज की तरह स्कूल से छुट्टी के बाद घर के लिए निकली थी।

लेकिन देर शाम तक जब वह घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी छात्रा का कोई सुराग नहीं लगने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी और चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पाडलीपुर गांव स्थित राजेश अग्रवाल के खेतों में सघन सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान खेत की झाड़ियों में छात्रा के सलवार-कमीज मिलने से मामला और गंभीर हो गया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने आसपास के इलाकों में तलाश तेज कर दी है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। वहीं, परिजन और ग्रामीण छात्रा की सकुशल बरामदगी की दुआ कर रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी जगदीश चन्द्रा, सीओ अमित कुमार सैनी सहित फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड भी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस ट्रैक्टर की मदद से झाड़ियों में सर्च अभियान चला रही है।

एसपी सिटी जगदीश चन्द्रा ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है और संदिग्धों से पूछताछ जारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही छात्रा को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles