उत्तराखण्डज़रा हटकेनैनीताल

वीकेंड पर कैंची धाम क्षेत्र में ट्रैफिक प्लान लागू, डायवर्जन व्यवस्था जारी

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

नैनीताल। जनपद के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कैंची धाम सहित भवाली और भीमताल क्षेत्रों में सप्ताहांत के दौरान बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था प्रत्येक शनिवार और रविवार को प्रभावी रहेगी, जिससे स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।

पुलिस द्वारा जारी योजना के अनुसार वीकेंड पर अल्मोड़ा और रानीखेत से हल्द्वानी की ओर आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से डायवर्ट किया जाएगा। इन वाहनों को रामगढ़ और मुक्तेश्वर मार्ग से होते हुए हल्द्वानी की ओर भेजा जाएगा, ताकि मुख्य मार्गों पर भीड़ कम की जा सके।

वहीं आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहनों को राहत दी गई है। हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले ऐसे वाहन अपने निर्धारित मार्ग से संचालित हो सकेंगे। हालांकि, अन्य भारी वाहनों को यातायात की स्थिति के अनुसार भवाली के मस्जिद तिराहा से पहले ही रोका जाएगा या उन्हें वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ा जाएगा।

भीमताल मार्ग से कैंची धाम जाने वाले बाहरी राज्यों और जनपदों के पर्यटकों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। ऐसे सभी पर्यटकों को अपने निजी वाहन भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़े करने होंगे। यहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम तक पहुंचाया जाएगा।

इसी तरह नैनीताल और गेठिया मार्ग से आने वाले पर्यटकों के वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। इसके बाद मंदिर दर्शन के लिए शटल सेवा उपलब्ध रहेगी, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

पुलिस प्रशासन ने सभी वाहन चालकों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पालन करें और सहयोग बनाए रखें। अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनाना है, ताकि किसी को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

ADVERTISEMENTS Ad

Related Articles