लालकुआं के विकास पुरुष रामबाबू मिश्रा को तेरहवीं पर याद कर भावुक हुए नेता और व्यापारी


लालकुआँ – लालकुआं नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश सचिव स्वर्गीय रामबाबू मिश्रा की तेरहवीं के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में राजनीतिक, सामाजिक एवं व्यापारिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोगों ने पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या भी मिश्रा निवास पहुंचे और स्वर्गीय मिश्रा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
वार्ड नंबर-3 स्थित मिश्रा निवास में आयोजित इस श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय रामबाबू मिश्रा के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में लालकुआं के विकास के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया। नगर के सामाजिक और व्यापारिक हितों के लिए उनके द्वारा किए गए कार्यों को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने कहा कि स्वर्गीय रामबाबू मिश्रा कांग्रेस पार्टी के सच्चे और समर्पित सिपाही थे।
उन्होंने लालकुआं क्षेत्र के विकास के लिए सदैव निस्वार्थ भाव से कार्य किया और आमजन के दिलों में अपनी अलग पहचान बनाई। उनका असामयिक निधन न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।





