एलएलसी 2026: रॉयल राइडर्स पंजाब ने कोनार्क सूर्यास ओडिशा को 43 रन से हराया


हल्द्वानी। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए लीजेंड्स लीग क्रिकेट (एलएलसी) 2026 के पांचवें मुकाबले में रॉयल राइडर्स पंजाब ने कोनार्क सूर्यास ओडिशा को 43 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। वहीं सोमवार को टूर्नामेंट के छठे मैच में भारतीय कप्तान की टीम का मुकाबला सदर्न सुपर स्टार्स से होगा।

पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल राइडर्स पंजाब ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 156 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद शहजाद ने 35 गेंदों में 41 रन की अहम पारी खेली, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल रहा। दनुष्का गुनातिलका ने 21 गेंदों में 23 रन बनाए और दोनों के बीच 59 रनों की अच्छी साझेदारी हुई।
इसके बाद चतुरंगा डी सिल्वा ने 19 गेंदों में तीन छक्कों की मदद से 28 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अंतिम ओवरों में थिसारा परेरा और एंजेलो परेरा के योगदान से पंजाब 156 रन तक पहुंचने में सफल रहा। कोनार्क सूर्यास ओडिशा की ओर से सौरिन ठाकर, अंकित राजपूत और फैज अहमद खान ने दो-दो विकेट लिए।

157 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोनार्क सूर्यास ओडिशा की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। टीम के लिए मोर्ने वैन विक ने 38 गेंदों में पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 51 रन की जुझारू पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से ज्यादा समर्थन नहीं मिला।रॉयल राइडर्स पंजाब की अनुशासित गेंदबाजी के सामने ओडिशा की पूरी टीम 20 ओवर में 113 रन पर ऑल आउट हो गई। पंजाब की ओर से एंजेलो परेरा, थिसारा परेरा और फरमान अहमद ने दो-दो विकेट झटके, जबकि आफताब आलम, ऋषि धवन और चतुरंगा डी सिल्वा ने एक-एक विकेट लिया।इस जीत के साथ रॉयल राइडर्स पंजाब ने टूर्नामेंट में मजबूत प्रदर्शन करते हुए महत्वपूर्ण अंक हासिल किए।





