उत्तराखण्डज़रा हटकेरामनगर

रामनगर लूटकांड का मुख्य आरोपी ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार, ₹10 हजार का इनामी लुटेरा पुलिस के शिकंजे में

ADVERTISEMENTS Ad

रामनगर – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में वांछित एवं इनामी अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर पुलिस और एसओजी नैनीताल की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ₹10 हजार के इनामी लुटेरे को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 29 अप्रैल 2026 को रामनगर के हाथीडगर क्षेत्र में बदमाशों ने स्कूटी से पीछा कर तुमड़िया डाम द्वितीय, मालधन चौड़ निवासी सुरजीत सिंह का रास्ता रोका और तमंचे की नोक पर जान से मारने की धमकी देकर उनके साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया था। मामले में कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 128/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस लूटकांड में शामिल तीन आरोपियों को पहले ही लूट के सामान सहित गिरफ्तार कर लिया था। जबकि मुख्य आरोपी साहिल लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी नहीं होने पर एसएसपी नैनीताल द्वारा उस पर ₹10 हजार का इनाम घोषित किया गया था।

एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में गठित रामनगर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी की तलाश तेज की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 29 जून को ग्रेटर नोएडा से इनामी आरोपी साहिल को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान साहिल (26 वर्ष), पुत्र बहादुर, निवासी मालधन नंबर-4, रामनगर (जनपद नैनीताल) के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन, उपनिरीक्षक बीरेन्द्र बिष्ट, हेड कांस्टेबल कुंदन सिंह कठायत, हेड कांस्टेबल त्रिलोक रौतेला तथा कांस्टेबल अनिल गिरी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

Related Articles