Haldwani:-गैस आपूर्ति में अव्यवस्था के खिलाफ युवा कांग्रेस का ज्ञापन, राहत की उठाई मांग

हल्द्वानी – शहर में गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर बढ़ती अव्यवस्था के खिलाफ युवा कांग्रेस हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र ने आवाज उठाई। नवनियुक्त अध्यक्ष इंजीनियर सुमित कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उप जिलाधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर जनसमस्याओं के समाधान की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि इन दिनों गैस की अनियमित आपूर्ति के कारण आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं गैस सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों से छोटे व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी संचालकों पर आर्थिक दबाव बढ़ गया है।
युवा कांग्रेस ने मांग की कि जब तक गैस संकट पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता, तब तक प्रभावित छोटे व्यापारियों और वेंडर्स को सरकार की ओर से बेरोजगारी भत्ता दिया जाए, ताकि उनका आजीविका संकट कम हो सके। इसके अलावा विवाह समारोहों के लिए वर्तमान में निर्धारित दो गैस सिलेंडरों की संख्या बढ़ाने की भी मांग उठाई गई।
प्रतिनिधिमंडल ने गैस आपूर्ति को तत्काल प्रभाव से नियमित और सुचारू बनाने के साथ ही कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
इस दौरान महासचिव मोहम्मद अनस, प्रदेश महासचिव स्वाति जोशी, प्रदेश उपाध्यक्ष जूही चौपाल, ब्लॉक अध्यक्ष नदीम सैफी, ब्लॉक अध्यक्ष उमेश जोशी, जिला उपाध्यक्ष अर्जुन टम्टा और पूर्व प्रदेश महासचिव आसिफ अली सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से जनहित में शीघ्र आवश्यक कदम उठाने की अपेक्षा जताई है।





