NAINITAL:- महिला तस्करों पर भी ताबड़तोड़ कार्यवाही, 36 लाख से अधिक कीमत की 132 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार

SSP नैनीताल का सख्त संदेश—नशे के कारोबार पर जीरो टॉलरेंस, 3 माह में 2.66 करोड़ की स्मैक बरामद
नैनीताल – उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के तहत नैनीताल पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में जनपद पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां हल्द्वानी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक महिला तस्कर को भारी मात्रा में स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार निगरानी और सघन चेकिंग अभियान जारी है। सभी थाना प्रभारियों और एसओजी टीमों को इस संबंध में सख्त निर्देश दिए गए हैं।
इसी अभियान के तहत 27 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में, कोतवाली हल्द्वानी प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में टीम द्वारा एफटीआई गेट के पास चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान एक महिला को संदिग्ध अवस्था में रोका गया, जिसकी तलाशी लेने पर उसके पास से 132 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी महिला जोया खान (उम्र 30 वर्ष), निवासी गौजाजाली, हल्द्वानी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 36 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और पूर्व में धोखाधड़ी के मामलों में भी उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं। इस सराहनीय कार्रवाई के लिए एसएसपी नैनीताल द्वारा पुलिस टीम को 2000 रुपये के इनाम से सम्मानित किया गया है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, वर्ष 2026 के पहले तीन महीनों में अब तक 14 मामलों में कार्रवाई करते हुए 18 तस्करों (जिनमें 2 महिलाएं शामिल हैं) को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान कुल 901.242 ग्राम स्मैक, जिसकी कीमत लगभग 2 करोड़ 66 लाख 30 हजार रुपये है, बरामद की गई है।
एसएसपी नैनीताल का स्पष्ट कहना है कि जनपद में नशे का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही, नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों के खिलाफ जब्तीकरण की कार्रवाई भी लगातार जारी है, ताकि इस अवैध नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जा सके।





