उत्तराखण्डज़रा हटकेनैनीताल

Nainital:-निर्माण कार्यों में तेजी और सफाई पर फोकस, सीसीटीवी निगरानी के दिए आदेश

ADVERTISEMENTS Ad

नैनीताल – कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने बुधवार को नैनीताल नगर क्षेत्र में चल रहे विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही शहर में फैली गंदगी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के आदेश भी जारी किए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने माल रोड पर लोक निर्माण विभाग द्वारा किए जा रहे सड़क सुधारीकरण कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि कुल 51 माइक्रोपाइल में से 11 लगाए जा चुके हैं और 31 जून तक कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। आयुक्त ने कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने डीएसए परिसर में 5 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे फसाड निर्माण, शौचालय, चेंजिंग रूम और बैडमिंटन कोर्ट के सुधारीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने 15 जून तक शौचालय और चेंजिंग रूम हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।

खड़ी बाजार और बड़ा बाजार क्षेत्र में 2.38 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे सड़क सौंदर्यीकरण और अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य की प्रगति धीमी पाए जाने पर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कार्यों की स्वयं मॉनिटरिंग करेंगे तथा दो दिन के भीतर आईपी सीसीटीवी कैमरे लगाने और बरसात से पहले भूमिगत कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बी.डी. पांडे चिकित्सालय परिसर में मंडी परिषद द्वारा 9.13 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे आवासीय भवनों का निरीक्षण भी किया गया। मौके पर कार्य बंद पाए जाने पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।

चार्टन लॉज-आभागढ़ क्षेत्र में गंदगी और कूड़े के ढेर मिलने पर नगर पालिका के अधिकारियों को फटकार लगाई गई। आयुक्त ने क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने, नियमित सफाई कर्मियों की तैनाती और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

रोडवेज बस अड्डे के निरीक्षण के दौरान भी परिसर में गंदगी पाए जाने पर आयुक्त ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शहर में स्वच्छता और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव विजय नाथ शुक्ल, उप जिलाधिकारी नवाजिश खालिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles