“नैनीताल पुलिस की सख्ती: अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 34 सिलेंडर बरामद”

रामनगर – जनपद नैनीताल में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली रामनगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के सख्त निर्देशों के क्रम में की गई इस कार्रवाई में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग का भंडाफोड़ किया गया है।
दिनांक 09 अप्रैल 2026 को एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने खराड़ी क्षेत्र स्थित एक मकान में छापेमारी की। छापे के दौरान मौके पर घरेलू LPG गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण एवं रिफिलिंग का कार्य संचालित पाया गया।
पुलिस ने मौके से कुल 34 छोटे-बड़े गैस सिलेंडर, LPG रिफिलिंग उपकरण, तराजू व बाट तथा लगभग आधा ड्रम डीजल बरामद किया। कार्रवाई के दौरान दो अभियुक्तों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अमन उर्फ भल्ला (26 वर्ष) और शहजाद उर्फ शैजी (23 वर्ष) पुत्र रईस अहमद, निवासी खताड़ी, रामनगर के रूप में हुई है। दोनों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत थाना रामनगर में FIR संख्या 101/26 दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
बरामदगी में शामिल:
34 गैस सिलेंडर, LPG रिफिलिंग उपकरण, तराजू व बाट तथा अवैध ज्वलनशील पदार्थ (डीजल)।
इस कार्रवाई में व.उ.नि. दीपक बिष्ट, उ.नि. वीरेंद्र सिंह बिष्ट, उ.नि. धर्मेन्द्र कुमार, का. अमित कुमार, का. गगन भण्डारी, का. संजय सिंह एवं म.का. रेशू शामिल रहे।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जनसुरक्षा से खिलवाड़ और LPG की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध भंडारण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस की अपील:
आमजन से अपील की गई है कि यदि कहीं गैस की अवैध रिफिलिंग, कालाबाजारी या भंडारण की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को 112 या नजदीकी थाने में सूचित करें।





