उत्तराखण्डज़रा हटकेनैनीताल

नैनीताल पर्यटन सीजन की तैयारियों पर डीएम सख्त: सुरक्षा, ट्रैफिक और व्यवस्थाओं को लेकर दिए कड़े निर्देश

ADVERTISEMENTS Ad

नैनीताल – आगामी पर्यटन सीजन को लेकर तैयारियों के संबंध में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ-साथ पर्यटन, होटल, टैक्सी, नाव एवं घोड़ा संचालक संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पर्यटन सीजन के दौरान आने वाले पर्यटकों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में डीएम ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका नैनीताल को निर्देश दिए कि नैनीताल शहर में फास्टैग व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू की जाए, जिस पर उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए शीघ्र व्यवस्था सुचारु करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यात्रा सीजन में पर्यटकों की संख्या अत्यधिक बढ़ जाती है, ऐसे में सभी टैक्सी चालक, नाव संचालक, घोड़ा संचालक एवं होटल कर्मियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए। बिना सत्यापन किसी भी व्यक्ति को पर्यटन गतिविधियों में शामिल न किया जाए।

डीएम ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि प्रमुख पर्यटन स्थलों सहित पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाए और अवांछित तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए। साथ ही उन्होंने भीमताल, भवाली एवं कैंची धाम क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी टैक्सी वाहनों में किराया सूची अनिवार्य रूप से चस्पा की जाए तथा प्रमुख स्थानों पर भी इसे प्रदर्शित किया जाए। शटल सेवा के किराए की दरें निर्धारित कर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पर्यावरण एवं झील संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी टैक्सी वाहनों में डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर तत्काल चालानी कार्रवाई की जाए तथा सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़े करने पर सख्ती से रोक लगाई जाए।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बाहरी वाहनों का प्रवेश नियंत्रित किया जाएगा तथा इसके लिए प्रभावी यातायात प्रबंधन योजना लागू की जाएगी। परिवहन पुलिस की क्यूआरटी टीम लगातार प्रवर्तन कार्य करेगी।

पार्किंग एवं शटल सेवा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने रुसी बाईपास स्थित पार्किंग स्थलों में पेयजल, शौचालय, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत एवं जल संस्थान को आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने को कहा गया।

उन्होंने उपजिलाधिकारी नैनीताल को जिला पंचायत, पुलिस एवं जल संस्थान के साथ संयुक्त निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में यह भी तय किया गया कि सभी होटल एवं होमस्टे का संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा तथा उनकी क्षमता के अनुसार ही पर्यटकों की बुकिंग सुनिश्चित की जाएगी, ताकि अनावश्यक भीड़ एवं ट्रैफिक की समस्या न उत्पन्न हो। अवैध रूप से संचालित होमस्टे के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त केवल पंजीकृत टूरिस्ट गाइड एवं घोड़ा संचालकों को ही कार्य की अनुमति होगी तथा सभी गाइड निर्धारित ड्रेस कोड में रहेंगे। अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यात्रा सीजन के दौरान नैनीताल, भीमताल एवं कैंची धाम क्षेत्र में क्यूआरटी, चीता बाइक एवं पीए सिस्टम के माध्यम से निरंतर निगरानी एवं पेट्रोलिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

नगर निकायों को निर्देश दिए गए कि स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। विद्युत विभाग को भी निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्लास्टिक एवं पॉलीथिन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा अवैध ठेलों एवं फड़ों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। लोअर माल रोड पर चल रहे सुधारीकरण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए गए।

उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान स्थानीय प्रकृति, पर्यावरण एवं नैनी झील का संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिले और क्षेत्र की सुंदरता भी बनी रहे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, पुलिस अधीक्षक क्राइम जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल, सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, उपजिलाधिकारी नवाजिश खालिक, आरटीओ अरविन्द पाण्डे, जिला पर्यटन विकास अधिकारी अतुल भंडारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles